खरगोन जिला चिकित्सालय का किया सघन निरीक्षण, अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित
खरगोन|विशाल भामोरिया। The India Speaks
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, भोपाल द्वारा नियुक्त राज्य स्तरीय ओआईसी (ऑफिसर इन चार्ज) डॉ. निशांत मिश्रा (उपसंचालक) एवं श्री शैलेष शर्मा (कंसल्टेंट, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) ने गुरुवार को खरगोन जिले का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिला चिकित्सालय का विस्तृत निरीक्षण किया और विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान ओआईसी टीम ने ओपीडी, विभिन्न वार्डों, डायलिसिस यूनिट, ऑपरेशन थियेटर, स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू), पीआईसीयू, मातृत्व वार्ड तथा डीईआईसी वार्ड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और अस्पताल संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
सफाई व्यवस्था में कमियां मिलने पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर एवं कुछ वार्डों में साफ-सफाई व्यवस्था अपेक्षित स्तर की नहीं पाए जाने पर ओआईसी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित करते हुए कहा कि मरीजों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है।
“अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।”
ओआईसी ने अस्पताल प्रबंधक डॉ. अजमेर सिंह अहोरिया को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन वार्डों का भ्रमण करें और सफाई व्यवस्था की निरंतर निगरानी कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने पर हुई विस्तृत चर्चा
निरीक्षण के बाद जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की वर्तमान स्थिति, विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
अधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने तथा स्वास्थ्य योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक एवं निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दौलत सिंह चौहान, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सावले, सिविल सर्जन डॉ. राजकुमारी देवड़ा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित जिले के समस्त विकासखंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ), विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम), कम्युनिटी मोबिलाइजर्स, मेडिकल ऑफिसर्स एवं जिला चिकित्सालय का स्वास्थ्य अमला उपस्थित रहा।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर जोर
राज्य स्तरीय अधिकारियों के इस दौरे को जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के मूल्यांकन और सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता और मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा आवश्यक सुधारात्मक कदमों की नियमित समीक्षा की जाएगी।












