ट्रैक्टर-ट्रॉली में मक्का के अवशेषों के नीचे छुपाकर ले जाई जा रही थी 1800 लीटर बीयर, पायलटिंग कर रही ब्रेजा कार भी शामिल
खरगोन। प्रभु रंसोरे | The India Speaks
खरगोन जिले के करही थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में ऊपर से मक्का की कड़प (फसल अवशेष) भरकर नीचे विदेशी बीयर की भारी खेप छुपाई गई थी, जिसे पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान पकड़ लिया।
पुलिस की इस कार्रवाई में करीब 150 पेटी विदेशी बीयर (लगभग 1800 लीटर) बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, करही पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कतरगांव बड़ी नहर मार्ग से अवैध शराब की बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
तलाशी के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में ऊपर से भरी गई मक्का की कड़प हटाई गई तो उसके नीचे छुपाई गई विदेशी बीयर की पेटियां देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
ब्रेजा कार कर रही थी पायलटिंग
जांच में यह भी सामने आया कि इस तस्करी नेटवर्क में एक ब्रेजा कार भी शामिल थी, जो ट्रैक्टर-ट्रॉली की पायलटिंग कर रही थी और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। हालांकि, कार चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। ट्रैक्टर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस ने इस कार्रवाई में ट्रैक्टर-ट्रॉली, ब्रेजा कार और अवैध शराब सहित कुल लगभग 22.43 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया है।
बरामद बीयर में माउंट बीयर, बोल्ट सुपर स्ट्रॉन्ग बीयर और हंटर स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर की पेटियां शामिल हैं।
एक गिरफ्तार, एक फरार — नेटवर्क की जांच तेज
इस मामले में इंदौर निवासी राजू कुशवाह को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गोलू चंदेल नामक आरोपी फरार है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि मक्का की कड़प के नीचे छुपाकर ले जाई जा रही 1800 लीटर बीयर आखिर किसे सप्लाई की जानी थी और इसका अंतिम डेस्टिनेशन क्या था।












