हॉकी मैत्री मैच के माध्यम से खेल भावना, टीम वर्क और स्वस्थ जीवनशैली का दिया गया संदेश
खरगोन। The India Speaks Desk
खेल एवं युवा कल्याण विभाग खरगोन तथा हॉकी संघ खरगोन के संयुक्त तत्वावधान में स्टेडियम मैदान, खरगोन में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ मनाया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं एवं खिलाड़ियों में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, ओलंपिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों द्वारा ओलंपिक दिवस की शपथ के साथ हुआ। इस अवसर पर फीडर सेंटर एवं साई स्मॉल सेंटर के बीच हॉकी का मैत्री मैच आयोजित किया गया। मैच में खिलाड़ियों ने अनुशासन, समर्पण, टीम वर्क और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय देते हुए दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। खिलाड़ियों ने खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।
ओलंपिक दिवस का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता नहीं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला खेल अधिकारी श्रीमती पवी दुबे ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस प्रतिवर्ष 23 जून को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धात्मक खेलों को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि समाज में शांति, एकता, भाईचारे और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश प्रसारित करना भी है। उन्होंने कहा कि ओलंपिक आंदोलन खेलों के माध्यम से विश्व के विभिन्न देशों को जोड़ने का कार्य करता है और खिलाड़ियों को उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करता है।
खिलाड़ियों को बताया ओलंपिक इतिहास और सफलता के सूत्र
वरिष्ठ हॉकी कोच श्री इकबाल खान ने खिलाड़ियों को ओलंपिक खेलों के इतिहास, महत्व और महान ओलंपियन खिलाड़ियों की उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने नियमित अभ्यास, संतुलित आहार, मानसिक मजबूती और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताते हुए खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक श्री जीतेन्द्र हिरवे, हॉकी कोच श्री प्रवीण किरावर, श्री राकेश अथंनकर, श्री उच्छमसिंह रावत, श्रीमती ज्योति बाला रावत, श्री जयराम दांगी, श्री संतोष दांगी सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल विभाग के कर्मचारी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।












