10 बिस्तरीय एनआरसी का शुभारंभ, विधायक बोले— जल्द बढ़ाकर 20 बिस्तरीय किया जाएगा; उपचार के साथ मिलेगा पौष्टिक आहार और परिजनों को आर्थिक सहायता
बड़वाह। लोकेश कोचले।The India Speaks Desk
बड़वाह और आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के कुपोषित बच्चों के लिए शुक्रवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकता को पूरा करते हुए सिविल अस्पताल में 10 बिस्तरीय पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का शुभारंभ किया गया। अब गंभीर कुपोषण से जूझ रहे 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सा, पौष्टिक आहार और नियमित स्वास्थ्य निगरानी की सुविधा मिल सकेगी।
केंद्र का शुभारंभ विधायक सचिन बिरला, नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गुप्ता तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।
जल्द 20 बिस्तरीय होगा केंद्र, परिजनों को भी मिलेगी आर्थिक सहायता
शुभारंभ अवसर पर विधायक सचिन बिरला ने कहा कि क्षेत्र में पोषण पुनर्वास केंद्र की स्थापना लंबे समय से अपेक्षित थी। इसके शुरू होने से अब कुपोषित बच्चों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 10 बिस्तरों से शुरू किए गए केंद्र की क्षमता शीघ्र ही बढ़ाकर 20 बिस्तरीय की जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि केंद्र में भर्ती बच्चों को चिकित्सकीय देखरेख के साथ पौष्टिक दलिया, दूध, आवश्यक दवाइयां और संतुलित आहार निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं उपचार अवधि के दौरान बच्चे के साथ रहने वाली माता या एक परिजन को शासन की ओर से 14 दिनों तक प्रतिदिन 120 रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का फोकस
विधायक बिरला ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में सनावद के शासकीय अस्पताल को 100 बिस्तरीय तथा बेड़िया अस्पताल को 50 बिस्तरीय बनाने के प्रयास भी जारी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बेहतर स्वास्थ्य अधोसंरचना के माध्यम से कुपोषण जैसी गंभीर चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि पोषण पुनर्वास केंद्र शुरू होने से दूरस्थ ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि बड़वाह अस्पताल में लगातार आधुनिक संसाधन और स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके।
भाजपा नेता जितेंद्र सुराणा ने प्रदेश सरकार की विभिन्न पोषण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं भाजपा नेता महिम ठाकुर ने कहा कि यह केंद्र क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए आशा की नई किरण साबित होगा।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित गुप्ता, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष खुमानसिंह जाट, सांसद प्रतिनिधि निशांत सोनी, एसडीएम सत्यनारायण दर्रो, बीएमओ डॉ. राजेंद्र मिमरोट, परियोजना अधिकारी अनिल जैन, अस्पताल प्रभारी डॉ. यशवंत इंगला सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।












