हरियाणा के सभी जिलों से पहुंचीं वीरांगनाएं और पूर्व सैनिक, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
करनाल | राजेंद्र कैम | The India Speaks
पूर्व सैनिक सभा हरियाणा द्वारा करनाल के सैनिक सभागार में वीर नारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा पूर्व सैनिक सभा के अध्यक्ष डॉ. कृष्ण कुमार बढ़ता ने की, जबकि आयोजन रावल अस्पताल, करनाल के सहयोग से संपन्न हुआ।
इस समारोह में करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, हिसार, सोनीपत, चरखी दादरी, झज्जर, अंबाला, जींद सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों से वीरांगनाओं और पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
डॉ. कृष्ण कुमार बढ़ता ने अपने संबोधन में कहा कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों की वीर नारियां समाज के सम्मान की पात्र हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक संगठन हर समय उनकी सहायता के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
समारोह के दौरान करनाल की पूर्व सैनिक टीम ने विभिन्न जिलों से आए पूर्व सैनिकों का फूलमालाओं से स्वागत किया। रावल अस्पताल के डॉ. नेत्रपाल रावल ने वीर नारियों का सम्मान करते हुए शहीद सैनिकों को नमन किया।
कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और मारुति करनाल की टीम ने पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं और योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।
इस अवसर पर सभा के संस्थापक सदस्यों के योगदान को याद करते हुए उनके पौत्रों को सम्मानित किया गया। गांव जयसिंहपुरा के कैप्टन रामेश्वर के पौत्र रोहित सहित कैप्टन हरिदास राणा, तुली राम और लखी राम आर्य के परिवारजनों को स्मृति शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह को सफल बनाने में करनाल की पूर्व सैनिक टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान अनिल कुमार, ईश्वर सिंह, सुरेश कुमार, प्रेम सिंह मान, सतबीर सिंह, धर्मपाल शर्मा, रणधीर नरवाल, सतबीर दहिया, मनोज, संजीव, विकास, कृष्ण पाढ़ा, सुरेश बढ़ौता, सुभाष बाजिदा, सतीश संधू, गुरनाम, राजवंत, राजपाल सहित अनेक पूर्व सैनिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











