घर से लापता हुई थी किशोरी, पुलिस टीम उदयपुर पहुंची; युवक के कब्जे से सुरक्षित तलाश कर लाई गई बालिका
बड़वाह। लोकेश कोचले ।
बड़वाह थाना क्षेत्र से लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर राजस्थान के उदयपुर से सुरक्षित तलाश कर लिया। पुलिस टीम बालिका को एक युवक के कब्जे से लेकर बड़वाह पहुंची, जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
11 अगस्त को घर से लापता हुई थी बालिका
पुलिस के अनुसार 11 अगस्त 2026 को 17 वर्षीय बालिका के घर वापस नहीं लौटने पर उसके परिजनों ने बड़वाह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बालिका की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और अन्य माध्यमों से बालिका की तलाश की, जिसमें उसके राजस्थान के उदयपुर में होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम को उदयपुर रवाना किया गया।
उदयपुर पहुंची पुलिस टीम, युवक के कब्जे से मिली बालिका
उदयपुर पहुंची बड़वाह पुलिस टीम ने बालिका को एक युवक के कब्जे से सुरक्षित तलाश कर लिया। पुलिस दोनों को बड़वाह लेकर आई। इसके बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक मामले में युवक द्वारा बालिका को शादी का झांसा देकर उदयपुर ले जाने और उसके साथ गलत काम किए जाने की बात सामने आई है। प्रकरण में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
नाबालिग बालिकाओं की तलाश और उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शकुंतला रुहल और एसडीओपी बड़वाह अर्चना रावत के मार्गदर्शन में बड़वाह पुलिस ने कार्रवाई की।
इन पुलिसकर्मियों का रहा योगदान
कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेन्द्र बर्मन के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक शकुन्तला डोडवे, प्रधान आरक्षक अनिल मीणा, प्रधान आरक्षक मनोज, आरक्षक विजय सिसोदिया सहित थाना स्टाफ तथा साइबर खरगोन से उपनिरीक्षक दीपक तलवारे और आरक्षक अभिलाष डोंगरे का योगदान रहा।












