खरगोन। | द इंडिया स्पीक्स डेस्क
पंचायत उप निर्वाचन 2026 की मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कसरावद स्थित पैरामाउंट अकादमी में मतगणना से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में करीब 60 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
मतगणना प्रक्रिया और सावधानियों की दी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर अमित शर्मा ने मतगणना प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। इसमें मतों की गणना, अभिलेखों के संधारण, परिणाम पत्रक तैयार करने तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतगणना संपन्न कराने से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं को समझाया गया।
अधिकारी-कर्मचारियों को मतगणना के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया और आवश्यक सावधानियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई जा सके।
3 अक्टूबर सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना
प्रशासन के अनुसार पंचायत उप निर्वाचन की मतगणना 3 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से निर्धारित स्थल पर शुरू होगी। मतगणना को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रशिक्षण के दौरान सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम कसरावद अनिल जैन, तहसीलदार कसरावद मुकेश मचार सहित प्रदीप चौधरी, रफीक खान और हामिद खान उपस्थित रहे।











