खरगोन। ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत लगाए जा रहे सेवा सेतु शिविरों का कलेक्टर गुरु प्रसाद ने सेगांव और ग्राम लोनारा में अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शिविरों में पहुंच रहे ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली।
ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनने के निर्देश
कलेक्टर ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों के आवेदनों और समस्याओं पर की जा रही कार्रवाई की प्रक्रिया का भी जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुना जाए। पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
एक जगह मिले सरकारी सेवाओं की जानकारी
कलेक्टर ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को आमजन के और करीब लाना है। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
शिविरों में ग्रामीणों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान एसडीएम सत्येंद्र बैरवा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीणजन मौजूद रहे।









