योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का दिया संदेश, अधिकारियों और शिक्षकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
बड़वाह। लोकेश कोचले। The India Speaks Desk
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सांदीपनि विद्यालय बड़वाह में विकास खंड स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस अवसर पर योग के महत्व और उसके शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुविभागीय अधिकारी सत्यनारायण दर्रो ने कहा कि भारत की प्राचीन परंपराओं में निहित योग आज एक वैश्विक आंदोलन का स्वरूप ले चुका है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति और स्वस्थ जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने कहा कि योग की सार्वभौमिक उपयोगिता और लाभों को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2014 में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया था।
कार्यक्रम के पूर्व शासकीय कन्या शाला बड़वाह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रसारित लाइव उद्बोधन भी उपस्थितजनों को सुनाया गया। प्रधानमंत्री के संदेश में योग को स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण का आधार बताया गया।








योग प्रशिक्षकों ने कराया अभ्यास
इसके पश्चात खेल शिक्षक डी.एस. चौहान, के.आर. वर्मा, गौरीशंकर शर्मा एवं नीति देशवाली ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम क्रियाओं का प्रदर्शन किया। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों को योगाभ्यास करवाते हुए नियमित योग करने के लाभों की जानकारी दी।
“योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और जीवन में संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा देता है।”
कार्यक्रम में विकास खंड शिक्षा अधिकारी रेवाराम वर्मा, प्राचार्य हंसा कानूड़े, सुधीर राठौर, सतविंदर सिंह भाटिया, परेश विजयवर्गीय, अंकित गुप्ता, अर्जुन केवट, रोमेश विजयवर्गीय, दीपक ठाकुर सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक योगाभ्यास के साथ हुआ। उपस्थितजनों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में इसकी भूमिका को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।












