28 जून को भजन संध्या एवं मध्यरात्रि आरती, 29 जून को चरणाभिषेक, नर्मदा पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन
बड़वाह। The India Speaks Desk
नर्मदा जी के उत्तर तट पर स्थित परम् पूज्य संत शिरोमणि श्री डोलारी सरकार आश्रम में इस वर्ष भी परंपरानुसार 79वां प्राकट्य महोत्सव 29 जून को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव को लेकर आश्रम परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं तथा देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं के आगमन का क्रम प्रारंभ हो गया है।
आश्रम के गादीपति पूज्य श्री चंद्रमौली जी महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव की शुरुआत 28 जून की सायंकाल भजन संध्या से होगी। इसी दिन मध्यरात्रि में डोलारी सरकार की समाधि स्थल पर विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होगा चरणाभिषेक
उन्होंने बताया कि 29 जून को प्रातः 8 बजे से वैदिक विद्वानों एवं विप्रजनों द्वारा पूज्य महाराज का चरणाभिषेक एवं समाधि स्थल पर विशेष पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही भगवती नर्मदा मैया का विधिवत पूजन-अर्चन भी संपन्न होगा।
सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा विशाल भंडारा
पूजन कार्यक्रम के पश्चात प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन रखा गया है। आश्रम प्रबंधन ने अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से उपस्थित होकर प्राकट्य महोत्सव का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।
देशभर से पहुंचते हैं श्रद्धालु
डोलारी सरकार की महिमा और आध्यात्मिक प्रभाव से देशभर के भक्त परिचित हैं। प्रतिवर्ष आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक तथा मध्य प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु आश्रम पहुंचकर बाबा के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
क्षेत्रीय श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए भंडारे का आयोजन प्रातः 9 बजे से ही प्रारंभ कर दिया जाता है, ताकि सभी भक्तगण सुगमता से प्रसाद ग्रहण कर सकें। प्राकट्य महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालु बाबा के प्रति अपनी आस्था एवं श्रद्धा व्यक्त करते हुए आध्यात्मिक वातावरण का लाभ प्राप्त करेंगे।












