सवालों के बीच बदला फैसला, विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को देखते हुए प्रशासन ने लिया नया निर्णय
खरगोन। The India Speaks Desk
जिले में भीषण गर्मी और लू की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक बार फिर स्कूल समय में बड़ा बदलाव किया है। अब सभी शालाएं 24 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक सुबह 07:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगी।
गौरतलब है कि इससे पहले स्कूलों का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक निर्धारित किया गया था, जिस पर अभिभावकों और आमजन द्वारा सवाल उठाए जा रहे थे। इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए The India Speaks ने भी विश्लेषणात्मक खबर प्रकाशित की थी, जिसमें 2:30 बजे छुट्टी को लेकर गर्मी में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए गए थे।
अभिभावकों की चिंता के बाद बदला फैसला
पिछले आदेश के बाद लगातार यह प्रतिक्रिया सामने आ रही थी कि दोपहर 2:30 बजे भी तेज धूप और लू का असर रहता है, जिससे बच्चों को घर पहुंचने में परेशानी होती है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में पैदल और साइकिल से आने-जाने वाले विद्यार्थियों के लिए यह समय जोखिम भरा माना जा रहा था।
अब प्रातःकालीन शिफ्ट में लगेंगी कक्षाएं
जारी नए आदेश के अनुसार जिले की सभी शासकीय, अशासकीय एवं सीबीएसई सहित अन्य बोर्ड की शालाएं अब प्रातःकालीन समय में संचालित होंगी। सुबह जल्दी स्कूल लगने से बच्चों को तेज धूप से पहले ही घर पहुंचने का मौका मिलेगा।
“विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि भीषण गर्मी में उन्हें सुरक्षित वातावरण मिल सके।”
हीट वेव के खतरे को देखते हुए निर्णय
विशेषज्ञों के अनुसार हीट वेव के दौरान बच्चों में डिहाइड्रेशन, हीट एग्जॉशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। दोपहर के समय शरीर पर गर्मी का प्रभाव अधिक होता है, ऐसे में समय में यह बदलाव बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
सख्ती से पालन के निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी शाला प्रबंधन, प्राचार्य एवं शिक्षकों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय पूर्णतः छात्र हित में लिया गया है।












