स्वस्थ, स्वच्छ और फिट महेश्वर के संदेश के साथ निकली मैराथन, विजेताओं का हुआ सम्मान
खरगोन। The India Speaks Desk
महेश्वर नगर गौरव दिवस के दूसरे दिन नगर परिषद महेश्वर द्वारा स्वस्थ, स्वच्छ एवं फिट महेश्वर के निर्माण के उद्देश्य से भव्य मैराथन एवं दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं और नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वास्थ्य, फिटनेस और स्वच्छता के प्रति अपनी जागरूकता और प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
मैराथन दौड़ का शुभारंभ मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रियंक पंड्या, नगर परिषद उपाध्यक्ष सचिन शर्मा तथा भूतपूर्व सैनिक गजानंद यादव द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। नगर के विभिन्न मार्गों से होकर निकली इस दौड़ में बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने सहभागिता की।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
दौड़ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शिवम किशोर केवट (महेश्वर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं राम सीताराम केवट द्वितीय तथा देवेंद्र राकेश गहलोत तृतीय स्थान पर रहे।
स्वास्थ्य और स्वच्छता का दिया संदेश
मैराथन आयोजन ने नगरवासियों को स्वास्थ्य, फिटनेस और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही महेश्वर नगर गौरव दिवस के उत्सव को नई ऊर्जा, उत्साह और जनभागीदारी से जोड़ने का कार्य किया। आयोजन के माध्यम से नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वच्छता के महत्व को समझाने का प्रयास किया गया।
“स्वच्छ और सुंदर महेश्वर के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लें तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाएं।”
दौड़ के समापन अवसर पर स्वच्छता निरीक्षक आशीष सावनेर ने सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और स्वच्छ एवं सुंदर महेश्वर के निर्माण में सहयोग का संकल्प कराया।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
कार्यक्रम में स्वच्छता प्रभारी महेश गहलोत, विजय पाटीदार, सहायक स्वच्छता निरीक्षक राहुल डागर, सफाई पर्यवेक्षक पंकज वेद, गबरू केवट सहित जनप्रतिनिधि एवं नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।












