भोपाल। The India Speaks Desk
मध्यप्रदेश सरकार की कर्ज नीति को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधा है। पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि मध्यप्रदेश सरकार ने एक बार फिर ₹2,400 करोड़ का कर्ज लिया है।
पटवारी ने अपने पोस्ट में दावा किया कि पिछले 5 महीनों में सरकार करीब ₹47,800 करोड़ का कर्ज ले चुकी है और प्रदेश पर कुल कर्ज ₹5.36 लाख करोड़ से अधिक हो गया है।
‘कर्ज लेकर शुद्ध-घी पीने’ का लगाया आरोप
जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए लिखा कि कर्ज लेकर “शुद्ध-घी” पीने एवं कमीशन-करप्शन के सरकारी कल्चर ने हद पार कर दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से जवाब देने की बात कहते हुए आरोप लगाया कि जनता इस कथित “लूट” का हिसाब लेगी।
पटवारी के इस बयान के बाद मध्यप्रदेश सरकार की वित्तीय स्थिति और लगातार बढ़ती उधारी को लेकर राजनीतिक बहस फिर तेज होने के संकेत हैं।
कर्ज के आंकड़ों पर सरकार से जवाब की मांग
पटवारी ने अपने पोस्ट में जिन आंकड़ों का उल्लेख किया है, उनके आधार पर सवाल उठता है कि राज्य सरकार द्वारा ली जा रही नई उधारी का इस्तेमाल किन मदों में किया जा रहा है और प्रदेश के कुल सार्वजनिक कर्ज की वास्तविक स्थिति क्या है।
वहीं, सरकार की ओर से इन आरोपों और पटवारी द्वारा बताए गए आंकड़ों पर प्रतिक्रिया सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।
फिलहाल पटवारी का यह बयान प्रदेश में कर्ज, सरकारी खर्च और वित्तीय प्रबंधन को लेकर विपक्ष के हमले का नया मुद्दा बन गया है।












