सही नाप की ड्रेस और पहनने योग्य जूतों के लिए राशि सीधे खाते में डालने की मांग, लंबित ड्यूटी भत्ते का मुद्दा भी उठाया
बड़वाह। The India Speaks Desk
खरगोन जिले के बड़वाह ब्लॉक के कोटवारों ने शुक्रवार को तहसीलदार बड़वाह को सामूहिक ज्ञापन सौंपकर ड्रेस, जूते और लंबित ड्यूटी भत्ते की समस्या को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। ज्ञापन पर क्षेत्र के सभी कोटवारों के हस्ताक्षर दर्ज हैं।
कोटवारों ने आवेदन में बताया कि पूर्व में शासन द्वारा जो ड्रेस और जूते वितरित किए गए थे, वे अधिकांश कर्मचारियों के लिए उपयोग योग्य नहीं हैं। किसी को छोटी पेंट मिली तो किसी को छोटी शर्ट दी गई। वहीं कई कोटवारों ने जूतों को भी पहनने योग्य नहीं बताया।
कोटवारों का कहना है कि अलग-अलग नाप होने के कारण एक जैसी ड्रेस और जूते सभी के लिए उपयोगी साबित नहीं हो रहे हैं। ऐसे में उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ड्रेस और जूतों की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डाली जाए, ताकि प्रत्येक कोटवार अपनी सही नाप के अनुसार ड्रेस सिलवा सके और पहनने योग्य जूते खरीद सके।
“पूर्व में मिली ड्रेस और जूते अधिकांश कोटवारों के उपयोग में नहीं आ पा रहे हैं। सभी की शारीरिक बनावट अलग होने के कारण सही नाप की सामग्री नहीं मिल सकी। इसलिए राशि सीधे खाते में डाली जाए।”
ज्ञापन में कोटवारों ने यह भी बताया कि उन्हें पिछले दो से तीन वर्षों से ड्यूटी भत्ता नहीं मिला है। लगातार शासकीय कार्यों में ड्यूटी देने के बावजूद भत्ता लंबित रहने से आर्थिक परेशानियां बढ़ रही हैं।
कोटवारों ने प्रशासन से मांग की कि लंबित ड्यूटी भत्ते का शीघ्र भुगतान किया जाए तथा भविष्य में ड्रेस और जूते की राशि सीधे खातों में जमा कराने की व्यवस्था बनाई जाए।
सूत्रों के अनुसार, तहसील कार्यालय द्वारा ज्ञापन प्राप्त कर मामले को परीक्षण में लिया गया है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।












