सैकड़ों लोगों ने किया प्रदर्शन, घटना को बताया सोची-समझी साजिश
करनाल। राजेंद्र कैम | The India Speaks
मध्य प्रदेश में पैदल विहार कर रही दो जैन साध्वी माताओं की सड़क हादसे में हुई मौत के विरोध में हरियाणा के करनाल में जैन समाज ने जोरदार प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने इस घटना को महज दुर्घटना नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश बताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
सेक्टर-12 में जुटे सैकड़ों लोग, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
करनाल के सेक्टर-12 स्थित जिला सचिवालय के सामने जैन समाज के सैकड़ों लोग एकत्रित हुए। प्रदर्शनकारियों ने मध्य प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि पैदल विहार कर रही साध्वी माताओं को गाड़ी चालक द्वारा बेरहमी से कुचलना बेहद गंभीर और अमानवीय घटना है। प्रदर्शन के बाद समाज के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
“अहिंसा के पुजारियों को निशाना बनाया गया”
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे वीरेश जैन ने कहा कि जैन समाज भगवान महावीर के सिद्धांतों पर चलने वाला शांतिप्रिय समाज है। उन्होंने कहा कि जैन साध्वी पैदल विहार के दौरान एक चींटी तक को नुकसान पहुंचाना पाप मानती हैं, ऐसे में दो साध्वी माताओं की इस तरह मौत होना सामान्य हादसा नहीं लग रहा।
“यह घटना एक सोची-समझी साजिश नजर आती है। हम निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं।”
मृत साध्वी माताओं को दी श्रद्धांजलि
प्रदर्शन के दौरान परम पूज्य 105 सुप्रभा माताजी एवं परम पूज्य श्री 105 विजय मति माताजी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। जैन समाज के लोगों ने कहा कि ऐसी घटनाओं से पूरे समाज में आक्रोश और भय का माहौल है।
प्रोफेसर एस.सी. जैन ने उठाए सवाल
प्रोफेसर एस.सी. जैन ने भी इस घटना को संदिग्ध बताते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होना बेहद जरूरी है ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिले।
इस दौरान प्रवीण जैन, नवीन जैन, अंकित जैन, रमन जैन, अजय जैन, महावीर जैन, शैलेंद्र जैन, सुशील जैन, सुमित जैन, श्रीमती कोमल लाठर, अनीता जैन, दीप्ति मित्तल सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग मौजूद रहे।










