पुलिस एक्ट के तहत वर्षों से खड़े लावारिस वाहनों के निराकरण की कार्रवाई तेज, अन्य थानों में भी होगी नीलामी
खरगोन। लोकेश कोचले। The India Speaks
खरगोन जिले के मेनगांव थाना परिसर में धारा 25 पुलिस एक्ट के तहत जप्त एवं लावारिस वाहनों की नीलामी की कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न हुई। नीलामी के दौरान कुल 14 मोटरसाइकिलों को बेचकर 1 लाख 17 हजार 500 रुपये की राजस्व राशि प्राप्त हुई। पुलिस विभाग ने संकेत दिए हैं कि जिले के अन्य थानों में भी जल्द ऐसी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस महानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण जोन श्री अनुराग के निर्देशानुसार जोन के सभी जिलों में वर्षों से जप्त पड़े वाहनों एवं अन्य जब्त सामग्री के निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को धारा 25 पुलिस एक्ट के तहत जप्त लावारिस वाहनों की नियमानुसार नीलामी करने के निर्देश दिए थे।
विधिवत मूल्यांकन के बाद जारी की गई थी नीलामी सूचना
मेनगांव थाने में जप्त 14 मोटरसाइकिलों का पहले मूल्यांकन कराया गया, जिसके बाद सार्वजनिक नीलामी की विज्ञप्ति जारी की गई। नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए नायब तहसीलदार खरगोन श्री अरुण उपाध्याय को अधिकृत किया गया।
दिनांक 10 जून 2026 को थाना मेनगांव परिसर में आयोजित नीलामी कार्यवाही नायब तहसीलदार श्री अरुण उपाध्याय, एसडीओपी श्री रोहित लखारे तथा थाना प्रभारी मेनगांव श्री एम.आर. रोमड़े की उपस्थिति में संपन्न हुई।
नीलामी के दौरान सभी 14 मोटरसाइकिलों की बोली लगाई गई और कुल 1,17,500 रुपये की राशि राजस्व के रूप में प्राप्त हुई।
पुलिस विभाग के अनुसार जिले के अन्य थानों में वर्षों से जप्त एवं लावारिस वाहनों के निराकरण के लिए भी इसी प्रकार की नीलामी प्रक्रिया आगामी दिनों में आयोजित की जाएगी। इससे थानों में लंबे समय से खड़े वाहनों का व्यवस्थित निपटारा होने के साथ-साथ शासन को राजस्व भी प्राप्त होगा।
पारदर्शिता और संसाधन प्रबंधन की दिशा में कदम
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से थानों में अनावश्यक रूप से कब्जा किए हुए स्थान खाली होंगे तथा जब्त वाहनों के रखरखाव से जुड़ी समस्याओं का भी समाधान होगा। साथ ही शासन को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होने से संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी।












