“लंच के बहाने बुलाया, कपड़े उतारने की कोशिश की” — युवक का दावा
सवाल पूछने पर जवाब दिए बिना निकल गए कंपनी अधिकारी और कर्मचारी
बड़वाह। The India Speaks Desk
खरगोन जिले के खोड़़ी स्थित Associated Alcohol and Breweries Limited कंपनी में कार्यरत 21 वर्षीय युवक शिवशंकर धनगर ने कंपनी के DDGS प्लांट में कार्यरत केमिस्ट पंकज गुप्ता पर गंभीर यौन उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं। युवक ने The India Speaks को वीडियो बाइट देते हुए पूरे घटनाक्रम का विस्तार से खुलासा किया।
युवक के अनुसार वह पहले कंपनी के दूसरे प्लांट में कार्य करता था, जहां पंकज गुप्ता की नजर उस पर पड़ी। युवक का आरोप है कि इसके बाद पंकज गुप्ता ने उसका मोबाइल नंबर लिया और लगातार बातचीत शुरू कर दी। युवक के मुताबिक बाद में उसे अधिक वेतन और बेहतर काम का हवाला देकर DDGS प्लांट में आने के लिए प्रेरित किया गया।
“कंधे पर हाथ रखने के बहाने सीने पर हाथ फेरता था”
शिवशंकर धनगर ने आरोप लगाया कि DDGS प्लांट में आने के बाद पंकज गुप्ता का व्यवहार लगातार असामान्य और असहज करने वाला था। युवक का कहना है कि आरोपी अक्सर कंधे पर हाथ रखने के बहाने उसके सीने पर हाथ फेरता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा।
युवक के अनुसार वह इस व्यवहार से असहज था लेकिन नौकरी छूटने के डर से खुलकर विरोध नहीं कर पा रहा था।
“लंच नहीं खाओगे तो मैं भी नहीं खाऊंगा”
युवक ने दावा किया कि 22 मई 2026 को पंकज गुप्ता ने उसे लंच के लिए बुलाया। युवक के मना करने पर आरोपी कथित तौर पर भावनात्मक दबाव बनाने लगा और कहने लगा कि “अगर आप नहीं खाओगे तो मैं भी नहीं खाऊंगा।”
शिवशंकर का आरोप है कि इसी दौरान पंकज गुप्ता ने उसके कपड़े निकालने का प्रयास किया, जिसका उसने विरोध किया। युवक का कहना है कि विरोध करने के बाद उसे डराया-धमकाया गया और कहा गया कि “तुझे काम से बंद कर देंगे।”
“कमरे में बंद कर झूठी शिकायत लिखवाई गई” — युवक
पीड़ित युवक ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे विवाद के बाद कंपनी प्रबंधन द्वारा उसे कई घंटों तक कमरे में बंद रखा गया। युवक के अनुसार बाद में उसे थाने ले जाकर उसके खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
दूसरी ओर युवक का आरोप है कि उसकी गंभीर शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की और केवल एक आवेदन लेकर मामला सीमित कर दिया।
सवालों से बचते नजर आए कंपनी अधिकारी
इस पूरे मामले में The India Speaks ने कंपनी प्रबंधन और आरोपी कर्मचारी पंकज गुप्ता से सवाल पूछने का प्रयास किया। हालांकि आरोपों को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब दिए बिना ही संबंधित लोग वहां से निकल गए।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी सच्चाई


इस मामले पर बड़वाह थाना TI श्री बलराम सिंह राठौर ने बताया कि युवक का आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि “मामले की विस्तृत जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल मामला पुलिस जांच के अधीन है। The India Speaks स्वतंत्र रूप से लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं करता है। जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












