बड़वाह। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बड़वाह पुलिस ने दो युवकों को 75 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल से शराब लेकर जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल दोनों को जब्त कर लिया।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, भागने की कोशिश नाकाम
पुलिस के मुताबिक 30 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टोंकी-चोरल नदी क्षेत्र में ईंट भट्ठे की ओर से दो व्यक्ति बिना नंबर की ग्रे रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल से कच्ची महुआ शराब लेकर आ रहे हैं। सूचना में दोनों के कपड़ों और मोटरसाइकिल की पहचान भी बताई गई थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और झाड़ियों की आड़ में निगरानी शुरू की। कुछ देर बाद बताए गए हुलिए के दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम और पंचों की मदद से घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया।
7,500 रुपये की शराब और 20 हजार की बाइक जब्त
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान नर्मदा पिता मुकेश मेहता, उम्र 26 वर्ष और भीम पिता मुकेश, उम्र 19 वर्ष, दोनों निवासी कड़ियाकुंड, थाना बड़वाह, के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 75 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत पुलिस ने 7,500 रुपये बताई है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है, भी जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बड़वाह में अपराध क्रमांक 612/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
कार्रवाई एसडीओपी बड़वाह अर्चना रावत के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बर्मन, निरीक्षक शकुंतला डोडवे सहित पुलिस टीम ने की।












