देशभर के ख्यातिनाम कवि और कवयित्रियां देंगी ओज, हास्य, वीर एवं श्रृंगार रस से सराबोर काव्य प्रस्तुतियां
बड़वाह | The India Speaks Desk
159वें बड़वाह नगर गौरव दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद बड़वाह द्वारा बुधवार, 1 जुलाई को रात्रि 8 बजे नगर पालिका परिषद परिसर में भव्य अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस साहित्यिक आयोजन में देशभर के प्रसिद्ध कवि एवं कवयित्रियां अपनी ओजस्वी, हास्य, वीर एवं श्रृंगार रस से भरपूर काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन एवं सूत्रधार प्रसिद्ध कवि शिव शैलेन्द्र यादव (धार) करेंगे। कवि सम्मेलन में राजस्थान के राव अजातशत्रु, उत्तर प्रदेश की योगिता चौहान, प्रतापगढ़ के पार्थ नवीन, दिनेश देशी धी, मुकेश शाण्डिल्य तथा श्रद्धा शौर्य सहित देश के प्रतिष्ठित कवि एवं कवयित्रियां अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे।
साहित्य और संस्कृति का भव्य संगम बनेगा नगर गौरव दिवस
नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नगर गौरव दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि बड़वाह की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक पहचान का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नगर की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस विराट कवि सम्मेलन के माध्यम से साहित्य प्रेमियों को देश के नामचीन कवियों की उत्कृष्ट काव्य प्रस्तुतियां सुनने का अवसर मिलेगा। नगर पालिका परिषद ने सभी नागरिकों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर इस सांस्कृतिक आयोजन की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया है।












