नासिक की शिव गर्जना से गूंजेगा बड़वाह, 60 से अधिक ढोल वादक देंगे प्रस्तुति; 75 युवाओं का डमरू दल भी रहेगा आकर्षण
बड़वाह। लोकेश कोचले। The India Speaks Desk।
बड़वाह के अधिष्ठाता और नगर के आराध्य भगवान नागेश्वर महादेव की शाही पालकी यात्रा सोमवार 17 अगस्त को धार्मिक उत्साह और भव्यता के साथ निकलेगी। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को शाम 5 बजे नागेश्वर मंदिर प्रांगण से शुरू होने वाली यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है।
नगर हिंदू संगठन के तत्वावधान में पिछले करीब 40 वर्षों से निकाली जा रही इस पालकी यात्रा को इस बार और भव्य रूप देने की तैयारियां की गई हैं। आयोजन में मुंबई से आए करीब 150 कलाकार धार्मिक प्रसंगों पर आधारित जीवंत झांकियां प्रस्तुत करेंगे, जबकि नासिक के प्रसिद्ध शिव गर्जना दल के 60 से अधिक युवक-युवतियां बड़े ढोलों की थाप से शहर को शिवमय करेंगे।
12 ज्योतिर्लिंग और नौ देवी-देवताओं की झांकियां
पालकी यात्रा का प्रमुख आकर्षण मुंबई के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली चलित झांकियां रहेंगी। इनमें 12 ज्योतिर्लिंगों के साथ नौ देवी-देवताओं की झांकियां शामिल होंगी। इसके अलावा भगवान शिव और माता पार्वती की भव्य बारात भी यात्रा का हिस्सा रहेगी।
यात्रा में बड़वाह के भजन गायक दिव्यांश पंड्या शिवभक्ति के भजनों की प्रस्तुति देंगे। स्थानीय सुंदरकांड मंडलियां, महिला-पुरुष भजन मंडलियां और बैंड दल भी यात्रा में भक्तिमय माहौल बनाएंगे।
सिरलाय-काटकूट के ढोल और 75 युवाओं का डमरू दल
भगवान नागेश्वर की अगवानी के लिए सिरलाय, काटकूट और बड़वाह के ढोल वादक भी यात्रा में शामिल होंगे। ढोल की गगनभेदी थाप के साथ भगवान की पालकी का स्वागत किया जाएगा।
इस बार बड़वाह के करीब 75 युवाओं का डमरू दल भी विशेष प्रस्तुति देगा। पालकी के साथ एक लय और ताल में डमरू वादन यात्रा का खास आकर्षण रहेगा।
पूजन-अभिषेक के बाद नागेश्वर भगवान को गार्ड ऑफ ऑनर
यात्रा शुरू होने से पहले नागेश्वर मंदिर परिसर में आचार्यों और ब्रह्म मंडल द्वारा भगवान का पूजन-अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स द्वारा राजाधिराज नागेश्वर भगवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।
शाही पालकी यात्रा में घुड़सवार, बैंड, तोप और ढोल भी शामिल रहेंगे। यात्रा के समापन पर स्थानीय कलाकारों, भजन मंडलियों और बैंड दलों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
एक माह से चल रही थी तैयारियां
नगर हिंदू संगठन के अध्यक्ष रवि जैन ने बताया कि पालकी यात्रा को भव्य बनाने के लिए करीब एक माह पहले से तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। आयोजन समिति की बैठक के बाद व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे राजाधिराज भगवान नागेश्वर की शाही पालकी यात्रा में शामिल होकर भगवान के दर्शन एवं पूजन करें और नगर एवं राष्ट्र के मंगल की कामना करें।
आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में अनिल राय, मनीष शर्मा, पवन सिंघल, रत्नाकर निम्भोरकर, कमल व्यास, भुवनेश सिंह सेंगर, विजय महाजन, विजय सोनी, महेंद्र सिंह अमई, संजय मुथा, तरुण दस्सानी, लखन गड़गौती, दीपक पाटीदार, निखिलेश खंडेलवाल सहित आयोजन समिति के सदस्यों की भूमिका रही।












