बड़वाह | The India Speaks Desk
खरगोन जिले के बड़वाह क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रूपाबेड़ी में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कृषक के खेत से 63 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में खेत मालिक के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर दी दबिश
सहायक आयुक्त आबकारी बृजेंद्र कोरी के निर्देश एवं नियंत्रण कक्ष प्रभारी सजेन्द्र मोरी के मार्गदर्शन में बुधवार को बड़वाह वृत्त की आबकारी टीम का गठन किया गया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम रूपाबेड़ी स्थित एक कृषक के खेत पर दबिश दी गई, जहां से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद हुई।
कई ब्रांड की विदेशी शराब मिली
प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनीष राठौर के नेतृत्व तथा वृत्त प्रभारी शिवम चौरसिया की टीम ने खेत से 7 से 8 कार्टन में रखी करीब 63 लीटर विदेशी शराब जब्त की। जब्त शराब में ब्लेंडर्स, सिग्नेचर, आरएस, मैजिक मोमेंट, आइकॉनिक तथा बडवाइजर कैन सहित विभिन्न ब्रांड शामिल हैं। विभाग के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 85 हजार रुपये है।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आबकारी विभाग ने खेत मालिक के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई में आबकारी आरक्षक प्रजोत चौधरी, नवनीत पाल एवं शीतल कारोले का विशेष योगदान रहा।











