बड़वाह। लोकेश कोचले
नगर पालिका परिषद बड़वाह की बैठक नपा सभागार में अध्यक्ष राकेश गुप्ता, सीएमओ कुलदीप किंशुक, वार्ड पार्षदों, एल्डरमेन और इंजीनियरों की मौजूदगी में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास, यातायात व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और खेल गतिविधियों से जुड़े 23 विषयों पर चर्चा की गई, जिनमें अधिकांश प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने बताया कि बैठक में शहर में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
इंदौर-इच्छापुर रोड पर खड़े वाहनों पर होगी चालानी कार्रवाई
नगरपालिका अध्यक्ष ने बताया कि शहर में इंदौर-इच्छापुर रोड का चौड़ीकरण किया गया है, लेकिन इसके बावजूद लोग सड़क पर दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ आए दिन जाम की स्थिति बन रही है।
अध्यक्ष के अनुसार, पिछले वर्ष थाना परिसर में यातायात व्यवस्था को लेकर बैठक भी आयोजित की गई थी। उस दौरान लिए गए निर्णयों पर अब तक अपेक्षित अमल नहीं हो पाया है। ऐसे में नगर पालिका अब सड़क पर वाहनों को खड़ा करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करेगी।
लेकिन बड़ा सवाल—बड़वाह में पार्किंग व्यवस्था कहां है?
नगरपालिका के इस फैसले के साथ ही शहर के सामने एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो गया है—अगर सड़क पर वाहन खड़े करने पर चालान होगा, तो लोग अपने वाहन खड़े कहां करेंगे?
बड़वाह में अभी कई प्रमुख बाजार क्षेत्रों और संस्थानों के आसपास पर्याप्त एवं व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा नहीं है। शहर की प्रमुख बैंकों, जैसे बैंक ऑफ इंडिया, के आसपास भी पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी होती है। खास बात यह है कि ऐसे कई क्षेत्र इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाईवे से लगे हुए हैं, जहां यातायात का दबाव पहले से ही अधिक रहता है।
बैंक, बाजार या अन्य जरूरी काम से आने वाला व्यक्ति यदि अपना दोपहिया या चारपहिया वाहन सड़क पर खड़ा नहीं कर सकता, तो उसके लिए वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था कहां है?
नगरपालिका ने चालानी कार्रवाई का आदेश तो जारी कर दिया, लेकिन लोगों की इस मूल समस्या का समाधान कौन करेगा?
यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सड़क से वाहनों को हटाना जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही शहर में व्यवस्थित और पर्याप्त पार्किंग स्थल विकसित करना भी उतना ही जरूरी है। यदि पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी तो सिर्फ चालान की कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान कितना संभव होगा, यह बड़ा सवाल है।
मुख्य चौराहे पर बनेंगे महिला और पुरुष शौचालय
शहर के मुख्य चौराहे पर नगर पालिका द्वारा इंदिरा मार्केट का नवनिर्माण कराया गया है। नपा के अनुसार, इससे नगरपालिका की आय बढ़ने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
शहरवासियों की सुविधा को देखते हुए अब बड़वाह मुख्य द्वार के पास एक कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। इसमें 5 महिला और 5 पुरुष शौचालय बनाए जाएंगे। इसके अलावा महेश्वर रोड स्थित शौचालय का भी रिनोवेशन किया जाएगा।
वार्ड 8 के गार्डन में बनेगा टर्फ
बैठक में वार्ड क्रमांक 8 स्थित गार्डन में टर्फ निर्माण का प्रस्ताव भी पारित किया गया। नपा अध्यक्ष ने बताया कि बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह टर्फ तैयार किया जाएगा।
वर्तमान में बच्चों को टर्फ में खेलने के लिए अधिक राशि देनी पड़ती है। नगरपालिका द्वारा टर्फ निर्माण के बाद बच्चों को यहां न्यूनतम शुल्क में खेलने की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।
बच्चों के लिए खेल स्टेडियम का प्रस्ताव भी पास
बैठक में बच्चों के लिए खेल स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके अलावा शहर के अलग-अलग वार्डों में सीसी रोड निर्माण से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
खुले प्लॉट में कचरा मिला तो होगी चालानी कार्रवाई
शहर में खाली प्लॉटों में कचरा फेंके जाने की समस्या को लेकर भी नगरपालिका ने सख्त रुख अपनाया है। बैठक में निर्णय लिया गया कि खुले प्लॉट में कचरा पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में टैक्स में वृद्धि से संबंधित प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया गया। नगरपालिका का कहना है कि शहर में चल रहे विकास कार्यों के साथ नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
अब कार्रवाई के साथ समाधान पर भी नजर
नगरपालिका की बैठक में लिए गए फैसले यातायात और नागरिक सुविधाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। सड़क पर वाहन खड़े करने और खुले प्लॉट में कचरा डालने वालों पर कार्रवाई से व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। लेकिन पार्किंग की कमी जैसी बुनियादी समस्या का समाधान किए बिना सिर्फ चालानी कार्रवाई कितनी प्रभावी होगी, यह आने वाला समय बताएगा।
अब बड़वाहवासियों की नजर इस बात पर है कि नगरपालिका सिर्फ कार्रवाई करती है या पार्किंग समेत शहर की जमीनी समस्याओं का स्थायी समाधान भी तलाशती है।












