बड़वाह। सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत देने के उद्देश्य से बड़वाह में 4 अक्टूबर को ‘सेवा सेतु–सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। नगर पालिका परिषद बड़वाह परिसर में लगने वाले इस शिविर में नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
सुबह 11 से शाम 4 बजे तक चलेगा शिविर
नगर पालिका परिषद के अनुसार शिविर का आयोजन 4 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य विभिन्न शासकीय सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों तक आसान तरीके से पहुंचाना है।
नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने नगरवासियों से शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।
राजस्व से लेकर पेंशन और स्वास्थ्य सेवाओं तक सुविधाएं
नगर पालिका के सीएमओ कुलदीप किंशुक के अनुसार शिविर में राजस्व संबंधी सेवाएं, आवास योजनाएं, किसान हित योजनाएं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आधार एवं दस्तावेज संबंधी सेवाएं, स्वास्थ्य सेवाएं तथा महिला एवं बाल विकास से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
इसके अलावा स्वच्छता, नगर सेवाओं और अन्य शासकीय योजनाओं से संबंधित सेवाओं की जानकारी और सुविधा भी नागरिकों को दी जाएगी।











